अबु धाबी, (वार्ता) कसी हुई गेंदबाजी के बाद पथुम निशंका (50) और कमिल मीशारा (नाबाद 46) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत पर श्रीलंका ने शनिवार को एशिया कप के ग्रुप बी मुकाबले में बंगलादेश को को 32 गेंदें शेष रहते छह विकेट से हरा दिया है।
140 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में 13 रन के स्काेर पर कुसल मेंडिस (तीन) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कमिल मीशारा पथुम निशांका के साथ दूसरे विकेट के लिये 95 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को जीत के लक्ष्य की ओर अग्रसर किया। 11वें ओवर में मेहदी हसन ने पथुम निशंका को आउटकर बंगलादेश को दूसरी सफलता दिलाई। पथुम निशंका ने 34 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 50 रनों की पारी खेली। इसके बाद कुशल परेरा(नौ) को भी मेहदी ने पगबाधा आउट किया। 14वें ओवर में तंजिम हसन साकिब ने दसून शनका (एक) को आउटकर मैच में रोमांच पैदा कर दिया। बंगलादेश की हार में उसके द्वारा दिये 21 अतिरिक्त रनों का भी योगदान रहा। श्रीलंका ने 14.4 ओवर में चार विकेट पर 140 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से जीत लिया। कामिल मीशारा 32 गेंदों में 46 रन बनाकर और कप्तान चरित असलंका चार गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
बंगलादेश की ओर से मेहदी हसन ने दो विकेट लिये।मुस्तफिजुर रहमान और तंजिम हसन साकिब ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां श्रीलंका के कप्तान चरित असालंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने मात्र 11 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। तंजिद हसन और परवेज हसन इमॉन बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गये। इसके बाद मोहम्मद तोहिद हृदोय (आठ) रनआउट हुये। ऐसे संकट के समय कप्तान लिटन कुमार दास ने महेदी हसन के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। आठवें ओवर में हसरंगा ने मेहदी हसन (नौ) को पगबाधा कर श्रीलंका को चौथी सफलता दिलाई। बंगलादेश का पांचवां विकेट लिटन कुमार दास (28) के रूप में गिरा। इसके बाद शमीम हुसैन और जाकेर अली ने छठे विकेट लिए 61 गेंदों में 86 रनों की अविजित साझेदारी कर बंगलादेश को निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 139 रनों का स्कोर तक पहुंचाया। शमीम हुसैन 34 गेंदों में (नाबाद 42), जाकेर अली ने 34 गेंदों में (नाबाद 41) रनों की पारी खेली।
श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा ने दो विकेट लिये। नुवान तुषारा और दुष्मंता चमीरा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
