
विरोध करने पर किया पथराव
इंदौर. शहर में नशेड़ियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आम लोगों के साथ अब जनप्रतिनिधि भी इनके निशाने पर आ रहे हैं. ताजा मामला वार्ड 83 से जुड़ा है, जहां हाल ही में उपचुनाव जीतकर पार्षद बने जीतू राठौर को नशेड़ियों का विरोध करना महंगा पड़ गया.
मिली जानकारी के अनुसार, पार्षद जीतू राठौर के कार्यालय के बाहर कुछ नशेड़ी नशा कर रहे थे. स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पार्षद से की, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे.पार्षद के समझाने पर नशेड़ियों ने वहां से जाने के बजाय उन पर पथराव कर दिया और मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद पार्षद जीतू राठौर स्वयं द्वारकापुरी थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई. उन्होंने पुलिस से इस बढ़ती समस्या पर ठोस कार्रवाई की मांग की. खबर लिखे जाने तक पार्षद रिपोर्ट लिखवा रहे थे. ज्ञात हो कि शहर में नशे का बढ़ता चलन और नशेड़ियों का इस कदर बेखौफ होकर गतिविधियां चलाना शहरवासियों के लिए चिंता का विषय बन गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द ही इस पर सख्त कदम नहीं उठाता, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है.
