इंदौर:बाणगंगा क्षेत्र में नेग मांगने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है, जहां पल्लवी नामक थर्ड जेंडर और उसके साथियों ने एक परिवार से 21,000 की मांग की और मना करने पर मारपीट व अश्लील हरकतें करते हुए जम कर उत्पात मचाया. मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
बाणगंगा थाने से मिली जानकारी के अनुसार घटना कुम्हारखाड़ी की हैं, यहां रहने वाली 22 वर्षीय फरियादी पूनम पांडे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि थर्ड जेंडर पल्लवी और उसके साथी उनके घर आए और नया घर बनने पर 21,000 नेग देने की मांग की, जब पूनम ने कहा कि वह पहले ही एक साल पहले नेग दे चुकी है और अब केवल 1,100 देने को तैयार हैं, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी.
पीड़िता के अनुसार, पल्लवी और उसके साथी जबरन घर में घुस आए और थप्पड़ मारकर मारपीट की. इतना ही नहीं, उन्होंने कपड़े उतारकर अभद्र हरकतें कीं और जबरन पैसे देने का दबाव डाला. इस दौरान जब पूनम के पिता सुनील पांडे और माता उषा पांडे बीच-बचाव करने आए, तो उनके साथ भी हाथापाई की गई. फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की. मामले पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा.
