मुंबई 10 मार्च (वार्ता) चीन में बढ़ते अपस्फीतिकारी दबाव के साथ-साथ अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुस्ती और वैश्विक व्यापार युद्ध के बढ़ते खतरे ने वैश्विक आर्थिक विकास को लेकर गंभीर चिंताओं से विदेशी बाजारों में गिरावट से हतोत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर चौतरफा बिकवाली होने से आज शुरुआती तेजी गंवाकर शेयर बाजार गिरकर बंद हुआ।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 217.41 अंक लुढ़ककर 74,115.17 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 92.20 अंक टूटकर 22,460.30 अंक पर आ गया। बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों में भी जमकर बिकवाली हुई, जिससे मिडकैप 1.46 प्रतिशत कमजोर रहकर 39,306.68 और स्मॉलकैप 2.11 प्रतिशत का गोता लगाकर 44,644.98 अंक रह गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4229 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2877 में गिरावट जबकि 1203 में तेजी रही वहीं 149 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 41 कंपनियां लाल जबकि अन्य नौ हरे निशान पर रहीं।
विश्लेषकों के अनुसार, कमजोर मांग और कीमतों में गिरावट चीन की आर्थिक पुनर्प्राप्ति को धीमा कर सकती है, जिससे निर्यात-आधारित अर्थव्यवस्थाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।अमेरिका में ब्याज दरों में बढ़ोतरी, महंगाई और बेरोजगारी के बढ़ते संकेत आर्थिक सुस्ती का संकेत दे रहे हैं। यदि अमेरिका में मंदी के संकेत मजबूत होते हैं तो इसका असर वैश्विक निवेश और व्यापार पर पड़ेगा, जिससे विकासशील और निर्यात-आधारित अर्थव्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसको लेकर निवेशकों की बढ़ती चिंताओं ने बाजार पर असर डाला है।
बीएसई में एफएमसीजी और यूटिलिटीज की 0.51 प्रतिशत तक की तेजी को छोड़कर अन्य 19 समूहों में गिरावट रही। इससे कमोडिटीज 0.95, सीडी 1.60, ऊर्जा 1.78, वित्तीय सेवाएं 0.68, हेल्थकेयर 0.93, इंडस्ट्रियल्स 2.36, आईटी 0.53, दूरसंचार 0.84, ऑटो 1.21, बैंकिंग 0.48, कैपिटल गुड्स 2.06, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 2.06, धातु 0.95, तेल एवं गैस 2.18, पावर 0.41, रियल्टी 1.94, टेक 0.17, सर्विसेज 1.31 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.36 प्रतिशत लुढ़क गया।
विश्व बाजार का रुझान नकारात्मक रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.33, जर्मनी का डैक्स 0.61, हांगकांग का हैंगसेंग 1.85 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.19 प्रतिशत उतर गया जबकि जापान के निक्केई में 0.38 प्रतिशत की तेजी रही।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 142 अंक की तेजी के साथ 74,474.98 अंक पर खुला और दमदार लिवाली की बदौलत थोड़ी देर बाद ही 74,741.25 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वहीं, बिकवाली होने से कारोबार के अंतिम चरण में यह 74,022.24 अंक के निचले स्तर तक गिर गया। अंत में पिछले दिवस के 74,332.58 अंक के मुकाबले 0.29 प्रतिशत की गिरावट लेकर 74,115.17 अंक पर आ गया।
वहीं, निफ्टी 31 अंक उतरकर 22,521.85 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 22,676.75 अंक के उच्चतम जबकि 22,429.05 अंक के निचले स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 22,552.50 अंक की तुलना में 0.41 प्रतिशत टूटकर 22,460.30 अंक पर बंद हुआ।
इस दौरान सेंसेक्स की गिरावट पर रही कंपनियों में इंडसइंड बैंक 3.86, जोमैटो 2.58, एलटी 2.10, टाइटन 1.83, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.97, रिलायंस 0.87, कोटक बैंक 0.85, बजाज फाइनेंस 0.72, अल्ट्रासिम्को 0.71, मारुति 0.69, टीसीएस 0.64, एसबीआई 0.60, एचसीएल टेक 0.58, टेक महिंद्रा 0.52, बजाज फिनसर्व 0.43, टाटा स्टील 0.40, भारती एयरटेल 0.34, अडानी पोर्ट्स 0.16, एचडीएफसी बैंक 0.14, एक्सिस बैंक 0.14, टाटा मोटर्स 0.08 और एनटीपीसी 0.06 प्रतिशत शामिल रही।
वहीं, पावरग्रिड 3.12, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.99, इंफोसिस 1.01, नेस्ले इंडिया 0.66, एशियन पेंट 0.45, आईटीसी 0.31, सन फार्मा 0.13 और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 0.02 प्रतिशत लाभ में रहे।
