‘आसन को धमकी’ पर बिरला ने दयानिधि मारन को दी चेतावनी

नयी दिल्ली, 10 मार्च (वार्ता) लोकसभा में सोमवार को अध्यक्ष ओम बिरला ने द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सदस्य दयानिधि मारन को आगाह किया कि उन्होंने यदि आसन को धमकी देने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

श्री बिरला ने शून्य काल के दौरान भाषा के मुद्दे पर द्रमुक सदस्यों के शोरगुल के बीच श्री मारन की एक टिप्पणी पर उन्हें चेतावनी देते हुए कहा, “आप आसन को धमकी दे रहे हैं, कोई भी यदि संसद की मर्यादा का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। मैंने सुश्री कनिमोझी (द्रमुक सदस्य) को मौका दिया है, मैंने मंत्री को मौका दिया है।” सदन में शोरगुल के कारण श्री मारन की टिप्पणी सुनाई नहीं पड़ी।

द्रमुक सदस्य को अध्यक्ष की चेतावनी के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि अध्यक्ष सदैव निष्पक्षता से काम करते हैं और भाषा के मुद्दे पर भी उन्होंने निष्पक्षता से काम करते हुये सभी पक्षों को अपनी बात रखने का मौका दिया है। श्री रिजिजू ने कहा कि श्री मारन ने आज आसन को लेकर जो टिप्पणी की है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है, वह उसकी निंदा करते हैं। इस मामले में सदन की भावना का संज्ञान लेकर कार्रवाई के बारे में विचार किया जायेगा।

इससे पहले द्रमुक सदस्य कनिमोझी ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेन्द प्रधान ने भाषा के मुद्दे पर तमिलनाडु सरकार के बारे में जो टिप्पणी की है, वह उचित नहीं है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत त्रिभाषा फार्मूला तमिलनाडु को स्वीकार्य नहीं है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करायी हैं। उन्होंने कहा कि सभी भाषाओं का सम्मान किया जाना चाहिये।

शिक्षा मंत्री प्रधान ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि उनकी किसी बात से किसी की भावना को ठेस पहुंची है, तो वह अपने शब्द वापस लेते हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति और भाषा के मुद्दे पर तमिलनाडु के प्रतिनिधिमंडल उनसे मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वास्तविकता सामने आनी चाहिये। श्री प्रधान ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में ‘पीएम श्री’ और ‘पीएम पोषण’ का राज्यों के साथ दलगत आधार पर कोई भेदभाव नहीं हो रहा है।

इसके बाद, श्री बिरला ने व्यवस्थता दी कि जिस शब्द को लेकर द्रमुक सदस्यों ने आपत्ति उठायी है, उसे उन्होंने सदन की कार्यवाही के रिकॉर्ड से निकाल दिया गया है।

 

Next Post

मतदाता सूची पर उठाये जा रहे सवालों को लेकर सदन में चर्चा करायी जानी चाहिये: राहुल

Mon Mar 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 मार्च (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मतदाता सूची को लेकर विपक्ष के उठाये जा रहे सवालों को लेकर सोमवार को कहा कि सदन में इस पर चर्चा करायी जानी चाहिये। श्री गांधी ने शून्य काल के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर […]

You May Like