
जबलपुर। नगर निगम के राजस्व अमले में नई ऊर्जा भरने और वित्तीय वर्ष के अंत तक शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के लिए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। निगमायुक्त ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब अधिभार रहित कर जमा करने के लिए मात्र 15 दिन शेष हैं, ऐसे में अधिकारी और कर्मचारी अपने उत्साह को बढ़ाएं और फील्ड पर सक्रियता दिखाएं।
बैठक में राजस्व निरीक्षकों, सहायक राजस्व निरीक्षकों और करसंग्रहिताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन करदाताओं से संपर्क स्थापित करें। निगमायुक्त ने कहा कि शहर का विकास करदाताओं के सहयोग पर निर्भर है, इसलिए वसूली का प्रतिशत बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। निगमायुक्त ने जिन आवासीय भवनों में कमर्शियल गतिविधियां संचालित हो रही हैं, उनका तत्काल पुनः सर्वे कर व्यावसायिक दर से कर निर्धारण किया जाए।
अवैध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ बरती जाए सख्ती
निगमायुक्त ने अवैध रूप से संचालित हो रहे होटलों, अस्पतालों, कार बाजारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्ती बरतते हुए तालाबंदी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले 15 दिनों तक पूरा अमला सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक केवल वसूली कार्यों पर केंद्रित रहेगा। हर दिन शाम को किए गए कार्यों की समीक्षा की जायेगी, ताकि पारदर्शिता और गति बनी रहे। अब बहानेबाजी का समय समाप्त हो चुका है। निगमायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिभार की छूट का लाभ उठाते हुए अगले 15 दिनों के भीतर अपने बकाया करों का भुगतान करें। इससे न केवल वे दंड स्वरूप लगने वाली अतिरिक्त राशि से बचेंगे, बल्कि शहर की स्वच्छता और विकास में भी अपना योगदान दे सकेंगे। बैठक में अपर आयुक्त अरविन्द शाह के साथ राजस्व अमला उपस्थित रहा।
