इंदौर, (वार्ता) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू में आज रात भारतीय क्रिकेट टीम के चैंपियंस ट्रॉफी में विजय के बाद निकाले जा रहे जुलूस पर कथित तौर पर पथराव के बाद दो पक्ष आमने सामने आ गए और देखते ही देखते संघर्ष की स्थिति बन गयी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस सक्रिय हुयी और दोनों पक्षों को नियंत्रित करने के लिए बलप्रयोग के साथ ही सख्ती बरतना पड़ी। देर रात स्थिति को नियंत्रित किया गया और नगर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सूत्रों ने कहा कि दुबई में हुए क्रिकेट मैच के फायनल में भारतीय टीम के चैंपियन बनने के बाद महू लोगों की भीड़ सड़क पर उतर आयी। भीड़ जुलूस की शक्ल में नगर में चल रही थी, तभी कथित तौर पर एक धार्मिक स्थल के पास कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद दो पक्षों में संघर्ष हो गया। भीड़ ने कुछ दुकानों में आग लगाने का प्रयास किया।
पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभाला और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। स्थिति नियंत्रित करने के लिए अश्रुगैस का उपयोग किए जाने की सूचना भी है, लेकिन इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी। इस घटना के कुछ वीडियो फुटेज भी सामने आए हैं। पुलिस की प्राथमिकता नगर में शांति बहाल करना है। पथराव या संघर्ष में घायल आदि लोगों के बारे में विवरण तत्काल नहीं मिल सका।
