
मंडला। भुआ बिछिया थाना अन्तर्गत ग्राम माझीपुर में संतोष मरावी ने अपनी पत्नी साधना की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में ले जाकर छोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपी पति संतोष गुमराह करता रहा, लेकिन पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो हत्या करना स्वीकार लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार माझीपुर जिला मंडला में रहने वाला संतोष मरावी उम्र 35 वर्ष अपनी पत्नी साधना उम्र 30 वर्ष के चरित्र पर संदेह करता रहा। कई बाद दोनों के बीच लड़ाई भी हुई थी, बीती रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि संतोष ने पत्नी साधना की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश को घर के समीप एक खेत में ले जाकर छोड़ दिया। जब ग्रामीणों ने साधना को खून से लथपथ मृत हालत में देखा तो स्तब्ध रह गए।
लाश मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, देखते ही देखते कई लोग एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस को पूछताछ में पति संतोष ने कहा कि पत्नी सुबह शौच के लिए गई थी, इस दौरान किसी ने उसपर हमला कर दिया। पुलिस को लगा कि पति संतोष गुमराह कर रहा है। पुलिस ने जब संतोष से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार लिया। पुलिस ने पति संतोष को गिरफ्तार कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
