प्लानो (अमेरिका), 07 मार्च (वार्ता) भारत की सूचना प्रौद्योगिकी एवं सेवा कंपनी टेक महिंद्रा ने अमेरिका के लिए अपना नया मुख्यालय स्थापित कर दुनिया के इस प्रमुख बाजार में परिचालन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
टेक्सास के प्लानों में अपने इस केंद्र के बारे में कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, “यह नया कार्यालय अमेरिकी बाजार के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।” कंपनी ने कहा है कि यह केंद्र तकनीकी नवाचार को आगे बढ़ाने और अपने ग्राहकों को उन्नत समाधान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विज्ञप्ति के अनुसार प्लानों कार्यालय के उद्घाटन समारोह में वहां के मेयर जॉन बी. मुन्स, अमेरिकी सांसद मेलानी रॉयर, कंपनी के ग्राहक और टेक महिंद्रा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
महिंद्रा समूह की कंपनी टेक महिंद्रा के अमेरिकी बाजार के प्रमुख लक्ष्मणन चिदंबरम ने कहा, “प्रौद्योगिकी और नवाचार केंद्र के रूप में टेक्सास की वृद्धि बराबर बनी हुई है । यह स्थान हमें ऐसे क्षेत्रों में अपने नवाचार को बढ़ाने में सक्षम करेगा जो विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्लाउड कंप्यूटिंग और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में, जो उभरते उद्योग की जरूरतों को पूरा करने वाले अत्याधुनिक समाधान प्रदान करते हैं।”
कंपनी ने कहा कि वह इस केंद्र के माध्यम से परामर्श, वितरण और ग्राहक सहायता सेवाओं सहित परिचालन कार्यों की एक विविध श्रृंखला प्रस्तुत करेगी। कंपनी इसी परिसर में एक नवाचार लैब भी स्थापित करेगी। यह लैब उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में काम करेगा, जो अगली पीढ़ी की तकनीकों को विकसित करने, नवाचार को गति देने और उद्योगों में ग्राहकों की उभरती जरूरतों को पूरा करने के लिए अनुसंधान को आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगा।
