आतिशी ने महिलाओं को 2500 रुपये देने को लेकर रेखा गुप्ता को लिखा पत्र

नयी दिल्ली, 07 मार्च (वार्ता) दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शुक्रवार को एक पत्र लिखकर महिलाओं को 2500 रुपये देने का वादा पूरा करने की माँग की।

सुश्री आतिशी ने सुश्री गुप्ता को एक पत्र लिखकर कहा कि दिल्ली की लाखों माताओं-बहनों की ओर से आपको यह पत्र लिख रही हूं और आपको याद दिलाना चाहती हूं कि 31 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्वारका में आयोजित रैली में दिल्ली की माताओं-बहनों से वादा किया था कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में 2500 रुपए प्रतिमाह देने की योजना पारित होगी और महिला दिवस पर महिलाओं के खातों में पैसे आने शुरू हो जाएंगे। उन्होंने सभी महिलाओं को सलाह दी थी कि वे अपने बैंक खाते से अपने मोबाइल नम्बर को जोड़ लें, ताकि जब उनके अकाउंट में पैसे आएंगे तो उनके फोन पर इसकी जानकारी मिल सके।

सुश्री आतिशी ने कहा है कि अब महिला दिवस में सिर्फ एक दिन बचा है। पूरी दिल्ली की महिलाएं इस दिन का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हैं। वे उम्मीद लगाए बैठी हैं कि आठ मार्च से उनके अकाउंट में पहली किस्त आनी शुरू हो जाएगी, जैसा कि भाजपा ने वादा किया था।

उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री जी, दिल्ली की महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए तुरंत उनके खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाएं। दिल्ली की हर महिला आपकी ओर देख रही है, उनकी उम्मीदें टूटनी नहीं चाहिए। मुझे पूरी उम्मीद है कि कल दिल्ली की हमारी माताओं-बहनों को उनके खातों में 2500 रुपए मिलने का मैसेज उनके मोबाइल पर ज़रूर आएगा।

 

 

Next Post

ओडिशा में दुष्कर्म की घटनाएं नहीं रोक पा रही डबल इंजन सरकार : कांग्रेस

Fri Mar 7 , 2025
नयी दिल्ली, 07 मार्च (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि ओडिशा में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही है और राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार इन अपराधों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है, लेकिन कांग्रेस चुप नहीं […]

You May Like