सिंगरौली: कोतवाली क्षेत्र बैढ़न के खुटार पुलिस चौकी के सामने बुधवार रात को अवैध खनिज कारोबार से जुड़े आरोपियों ने खनिज टीम पर हमला कर दिया। जहां खनिज विभाग के वाहन में तोड़फोड़ करते हुए पुलिस बल को देख भाग खड़े हुए। वही चर्चा रेत ठेकेदार के स्टाफ ने फायरिंग भी किया है। सहायक खनिज अधिकारी विद्याकांत तिवारी की रिर्पोट पर अवैध कारोबारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सहायक खनिज अधिकारी विद्याकांत तिवारी ने बताया की रात तकरीबन 2 बजे इस बात की सूचना आई थी कि देवसर इलाके से एक हाईवा वाहन में अवैध रेत लोड करके निकल रहा है। सूचना के आधार पर श्री तिवारी और अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ बरगवां के पास पहुंचा। जहां उक्त हाईवा आता हुआ दिखा। उसे रोक कर जब हमने कागज पूछे तो उसके पास कोई भी रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नही थे।
तब उस वाहन को लेकर बैढ़न थाने की तरफ आ रहे थे तभी चार-पांच गाड़ि़यों में रेत माफियाओं से जुड़े लोगों ने हमारा पीछा किया और खुटार चौकी के सामने पहुंचकर हमारे गाड़ि़यों को घेर कर मारपीट करने लगे। साथ ही हमारे गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई है। जिसकी शिकायत खुटार चौकी में लिखित रूप से दी गई है। उधर,सूत्र बताते है कि जिस वक्त पुलिस चौकी के सामने विवाद हो रहा था। उस दौरान रेत ठेकेदार के स्टाफ ने फायरिंग किया है। हालांकि पुलिस ने उक्त घटना से इंकार की है। वही सीएसपी पीएस परस्ते ने मीडिया कर्मियों को बताया कि अवैध रेत कारोबारियों ने खनिज विभाग के अधिकारी पर हमला कर वाहनों को तोड़फोड़ किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। हाईवा वाहन को जप्त कर लिया गया है।
