उमरिया: जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अन्तर्गत जोहिला नदी के छादा घाट में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद और पाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त करवाई। मृतक की पहचान कुरावर निवासी नवल सिंह के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार नवल सिंह बीते दिन ग्राम छादा के सरपंच दिलदार सिंह के घर में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गया था। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि नवल सिंह ने जोहिला नदी पार कर ग्राम छादा तक का रास्ता तय किया था।
संभवत: कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उसी रास्ते से लौटते समय वह किसी दुर्घटना का शिकार हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना कैसे हुई। नौरोजाबाद थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक किसी कार्यक्रम में शामिल हुआ था और संभवत: नदी में गिरने से उसकी मौत हुई है।
