भोपाल: राजधानी में मेट्रो ट्रेन का सफल ट्रायल रन रानी कमलापति से एम्स स्टेशन तक मंगलवार को किया गया। मेट्रो प्रायोरिटी कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तहत यह ट्रायल किया गया है।ट्रायल के दौरान दौरान मेट्रो ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से चलकर रेलवे ओवर ब्रिज, डीआरएम ऑफिस और अलकापुरी स्टेशन होते हुए एम्स स्टेशन तक पहुंची।
इस दौरान मेट्रो की गति करीब 20 किमी प्रति घंटा तक रही। इसे अभी टेस्टिंग एवं मानकों के अनुरूप और भी बढ़ाया जाएगा।इससे पहले भी भोपाल में मेट्रो का सफल ट्रायल किया गया था।भोपाल में मेट्रो ट्रेन का रोलिंग स्टॉक लगभग 22 मीटर लंबा और 2.9 मीटर चौड़ा है, जिसमें तीन कोच हैं। इसकी डिजाइन स्पीड 90 किमी प्रति घंटा है।
बता दें कि करीब 2 वर्ष पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेट्रो ट्रेन में बैठकर इसकी सफलता को लेकर भोपाल और प्रदेशवासियों को बधाई भी दी थी। सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बीच ट्रायल रन उस दौरान किया गया था।
