मुंबई (वार्ता) महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आसिम आजमी के खिलाफ मुगल बादशाह औरंगजेब की प्रशंसा करने और एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को यहां यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शिवसेना के एक कार्यकर्ता ने ठाणे के एक पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि जांच को मुंबई स्थानांतरित कर दिया गया क्योंकि कथित टिप्पणी राज्य विधान भवन के परिसर में दिए गए एक साक्षात्कार के दौरान की गई थी जो मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि वह सोमवार शाम करीब 7.30 बजे समाचार देख रहा था, जब उसने देखा कि मानखुर्द शिवाजी नगर के विधायक औरंगजेब की प्रशंसा एक बेहतरीन प्रशासक के रूप में कर रहे थे और दावा कर रहे थे कि उनके शासनकाल में भारत को ”सोने की चिड़िया” कहा जाता था।
