गुजरात जायंट्स ने यूपी वॉरियर्स को 81रनों से हराया

लखनऊ (वार्ता) बेथ मूनी ( नाबाद 96) की विस्फोटक और हरलीन देओल (45) रन बेहतरीन पारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत गुजरात जायंट्स ने वुमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 15वें मुकाबले में सोमवार को यूपी वारियर्स को 81 रनों से हरा दिया।

187रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 36 के स्कोर तक अपने पांच विकेट गवां दिये। गुजरात के गेंदबाजी आक्रमण के आगे यूपी ये पांचवें बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। दो बल्लेबाज तो शून्य पर आउट हुये। 10वें ओवर में तनुजा कंवर ने एक छोर थामे रन बना रही ग्रेस हैरिस को पगबाधा आउट कर यूपी की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। हैरिस ने 30 गेंदों में (25) रन बनाये। शिनेल हेनरी ने विस्फोटक पारी खेलने का प्रयास किया और उन्हें भी तनुजा कंवर ने आउट किया। हेनरी ने 14 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए (28) रनों की पारी खेली। 17वें ओवर में आठवें विकेट के रूप में उमा छेत्री (17) का विकेट गिरा। काश्वी गौतम ने इसी ओवर में गौहर सुल्ताना (शून्य) को आउट कर गुजरात को नौवीं सफलता दिलाई। 18वें ओवर की पहली गेंद पर तनुजा कंवर ने सोफी एकल्सटन (14) को बोल्ड कर यूपी वॉरियर की पारी को 105 के स्कोर पर समेट कर मुकाबला 81 रनों से जीत लिया।

गुजरात जायंट्स की ओर से काश्वी गौतम और तनुजा कंवर ने तीन-तीन विकेट लिये। डिएंड्रा डॉटिन को दो विकेट मिले। मेघना सिंह और एश्ली गार्डनर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले इकाना स्टेडियम पर मूनी की बल्लेबाजी आज आकर्षण का केंद्र बनी। मूनी अपने डब्ल्यूपीएल करियर के पहले शतक से चूक गयी मगर यह उनके डब्ल्यूपीएल करियर का अधिकतम स्कोर रहा। अपने बेखौफ अंदाज से उन्होने यहां बैठे हजारों युवा प्रशंसकों की तालियां भी बटोरी। अपनी आतिशी पारी के दौरान उन्होने 59 गेंदों का सामना किया और 17 खूबसूरत चौके जड़े।

दयालन हेमलता (2) का विकेट पहले ओवर में ही गिरने के बावजूद मूनी ने नयी बल्लेबाज हरलीन के साथ बेखौफ अंदाज में खेलते हुये धुआंधार बल्लेबाजी का मुजाहिरा किया और इकाना में बैठे चंद हजार दर्शकों को भरपूर मनोरंजन किया। पारी के 13वें ओवर में यूपी को दूसरी सफलता हरलीन के विकेट के रुप में मिली जब सोफ़ी एकल्सटन की गुगली को हिट करने से चुकी हरलीन क्लीन बोल्ड हो गयी।

अर्धशतक बनाने से चुकी हरलीन ने अपनी 32 गेंदो की पारी में छह बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। दूसरे छोर पर खूंटा गाड़ कर बल्लेबाजी कर रही मूनी ने यूपी के गेंदबाजों पर कोई रहम नहीं किया और मैदान के चारों ओर आकर्षक शाट लगाना जारी रखा। इस बीच गुजरात को कप्तान एश्ली गार्डनर (11) और डिएंड्रा डॉटिन (17) के रुप में दो और झटके लगे जिससे गुजरात की रन गति पर आंशिक असर भी पड़ा। पारी के 19वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने फीबी लिचफील्ड का विकेट झटका।

यूपी की ओर से सोफी एकल्सटन दो विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज बनी वहीं दीप्ति शर्मा,शिनेल हेनरी और क्रांति गौड़ ने एक एक विकेट अपनी झोली मेंं डाले।

Next Post

भारत और नेपाल ने जल, स्वच्छता और आरोग्य क्षेत्र में सहयोग के समझौता ज्ञापन पर किये हस्ताक्षर

Tue Mar 4 , 2025
नयी दिल्ली 04 मार्च (वार्ता) भारत और नेपाल सरकार ने अपशिष्ट प्रबंधन सहित जल, स्वच्छता और आरोग्य (वाश) क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर आज हस्ताक्षर किए। इसके लिए सुषमा स्वराज भवन, नई दिल्ली में भारत सरकार के केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और […]

You May Like

मनोरंजन