नयी दिल्ली 04 मार्च (वार्ता) भारत और नेपाल सरकार ने अपशिष्ट प्रबंधन सहित जल, स्वच्छता और आरोग्य (वाश) क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर आज हस्ताक्षर किए।
इसके लिए सुषमा स्वराज भवन, नई दिल्ली में भारत सरकार के केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और नेपाल सरकार के जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये।
समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना और वाश क्षेत्र में अंतर-सरकारी सहयोग को मजबूत करना है, ताकि उनकी आबादी के लिए स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी नागरिकों को स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं प्रदान करने में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। श्री पाटिल ने इस बात पर जोर दिया कि यह समझौता ज्ञापन सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्थिरता और क्षेत्रीय सहयोग के प्रति भारत और नेपाल की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नेपाल सरकार के जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव ने बड़े पैमाने पर स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता पहलों को लागू करने में भारत की सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि नेपाल इन क्षेत्रों में भारत के अनुभव से सीखने के लिए उत्सुक है और नेपाली अधिकारी अंतर्दृष्टि और सर्वोत्तम प्रथाओं को प्राप्त करने के लिए भारत में प्रमुख स्थलों का दौरा करेंगे।
उन्होंने आगे प्रस्ताव दिया कि स्थिर प्रगति और ज्ञान के पारस्परिक आदान-प्रदान को सुनिश्चित करने के लिए नियमित बैठकें आयोजित की जानी चाहिए।
