चार बार गठित हुआ जांच दल फिर भी नही पूरी हो सकी जां

० मामला जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरी में बिना टीएस एवं एएस के कराये गये निर्माण कार्य में की गई अनियमितता की शिकायत की जांच के लिए फिर गठित हुए जांच दल का

सीधी 2 मार्च। चार बार जांच दल गठित होने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी। जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरी में बिना टीएस एवं एएस के कराये गये निर्माण कार्य में की गई अनियमितता की शिकायत की जांच के लिये अब फिर जांच दल का गठन हो चुका है।

जिले के जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरी में बिना टीएस एवं एएस के कराये गये निर्माण कार्य में भारी अनियमितता की शिकायत लंबे समय से हो रही है। जांच के लिये अब पांचवी बार जांच दल गठित की गई है। जिला पंचायत सीधी द्वारा प्रथम बार जांच दल का गठित करने का आदेश क्र./32/स्टेनो/ जि.पं./2023 सीधी दिनांक 30 जून 2023, दूसरी बार आदेश क्र./ 5332/जि.पं./ शिका./2024 सीधी दिनांक 5 फरवरी 2024, तीसरी बार आदेश क्र./592/ज.प./जनसुनवाई 2024/सिहावल दिनांक 21 मार्च 2024, चौथी बार आदेश क्र./ 2762/जि.पं./शिका./2024 सीधी दिनांक 5 सितम्बर 2024 का गठन किया गया था। हैरत की बात तो यह है कि चार बार गठित जांच टीम का फाइनल जांच प्रतिवेदन कार्यवाई के लिये तैयार कर भेजने की जरूरत नहीं समझी गई। अब फिर से पांचवी बार जिला पंचयत द्वारा आदेश क्र./1713/जि.पं./शिकायत /2025 सीधी दिनांक 24 फरवरी 2025 को जांच टीम का गठन खोरी पंचायत में जांच के लिये किया गया। फिर भी अभी तक जांच टीम मौके पर जांच के लिये नहीं पहुंची।

००

एसडीओ आरईएस के जांच प्रतिवेदन में खुल चुकी गड़बड़ी की पोल

जनपद पंचायत सिहावल की तत्कालीन आरईएस एसडीओ सरिता सिंह द्वारा 12 जुलाई 2023 को जिला पंचायत सीईओ को भेजे गये जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट रूप से लिखा गया था कि निर्माण कार्यों के संबंध में रिकार्डों के संधारण में भारी लापरवाही पायी गयी है। पिछले एक वर्ष के दौरान सामान्य प्रशासन, निर्माण समिति व शिक्षा समिति विभाग की कोई बैठक पंचायत में नहीं बुलाई गई एवं कथन से संबंधित कोई रिकार्ड संधारण होना नहीं पाया गया। स्टाप डेम मरम्मत के कार्य में स्टीमेट नस्ती, एमबी मस्टररोल जांच के दौरान उपलब्ध नहीें कराया गया। इसी तरह खेत तालाब के कार्य में भी न तो तकनीकी स्वीकृति मिली और नही प्रशासनिक स्वीकृति। मनरेगा से संबंधित कोई भी अभिलेख जांच के लिये प्रस्तुत नहीं किया गया।

००

पांचवी बार गठित हुआ जांच दल

अब फिर से पांचवी बार जिला पंचायत द्वारा आदेश क्रमांक/ 1713/जि.पं./शिकायत/2025 सीधी दिनांक 24 फरवरी 2025 को जांच टीम का गठन खोरी पंचायत में जांच के लिये किया गया है। पांचवी बार गठित जांच टीम में जनपद पंचायत सिहावल के सीईओ रविशंकर मिश्रा के साथ जनपद पंचायत सिहावल के सहायक यंत्री अतुल मिश्रा, उपयंत्री सुदेश कुमार अग्रवाल, पीसीओ राजेश सिंह को शामिल किया गया है। जांच दल को 7 दिवस के अंदर जिपं के सीईओ के पास जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश दिये गये थे।

००

इनका कहना है

ग्राम पंचायत खोरी में सरपंच और तत्कालीन सचिव कौशलेंद्र द्विवेदी द्वारा बिना टीएस एवं एएस के निर्माण कार्य में की गई अनियमितता की मेरी साल भर में की गई कई शिकायतों की जांच के लिए पूर्व में गठित चार जांच दल द्वारा जांच पूरी नही की गई। इस मामले को लेकर मेरे द्वारा माननीय उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई। हाईकोर्ट जबलपुर में माननीय न्यायाधीश याचिका पर 28 फरवरी को सुनवाई करते हुए चार सप्ताह में उक्त मामले की जांच करने के निर्देश के साथ संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी की गई है। माननीय उच्च न्यायालय में दायर याचिका की अगली सुनवाई की संभावित तिथि 1 अप्रैल को माननीय न्यायालय द्वारा मिली है। इधर मेरी शिकायत को लेकर एक बार फिर सीईओ जिला पंचायत सीधी द्वारा जांच दल गठित किया गया है।

दीपक सिंह चौहान, याचिकाकर्ता एवं पंच ग्राम पंचायत खोरी

गठित जांच दल में मैं भी शामिल हूं। एक-दो दिन में एसडीओ के साथ मौके पर जाकर जांच सुनिश्चित की जायेगी। तत्पश्चात जांच प्रतिवेदन कार्यवाई के लिये जिला पंचायत सीईओ के पास भेजा जायेगा।

रविशंकर मिश्रा, सीईओ जनपद पंचायत सिहावल

००००००००००

Next Post

रामपुर पहुँचे मुख्यमंत्री

Sun Mar 2 , 2025
सतना। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रामपुर बघेलान पहुँच कर पूर्व मंत्री हर्ष नारायण सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आयोजित श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण किया एवं व्यास पीठ में विराजमान आचार्य श्री प्रपन्नाचार्य जी महाराज का माल्यार्पण कर आशीर्वाद ग्रहण किया ,वहीं खजूरी […]

You May Like