ग्वालियर: एक चौंकाने वाली घटना सामने नजर में आई। सर्जरी विभाग से एमएस कर रहे 26 वर्षीय जूनियर डॉक्टर अरबिंद भदौरिया को कॉर्डियोलॉजी विभाग के गेट पर ही हार्टअटैक आ गया। मौके पर मौजूद अन्य जूनियर डॉक्टरों ने तत्काल समझदारी दिखाते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया। जिससे उनकी जांन बचाई जा सकी।भिंड निवासी डॉ. अरबिंद भदौरिया चेकअप के लिये अस्पताल पहुंचे थे।
एक्सीडेंट के बाद सीने में दर्द के चलते वह पहले विभाग पहुुंचे और फिर एहतियात के तौर पर कॉर्डियोलॉजी में इको कराने पहुंचे थे, जैसे ही वह विभाग के गेट पर पहुंचे थे अचानक सीने में तेज दर्द उठा और उन्हें पसीना आने लगा। कुछ ही देर में वह वहीं बैठ गये।वहीं से गुजर रहे जूनियर डॉक्टरों ने तुरंत स्थिति को समझा और बिना देर किए उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया। उस समय हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. पुनीत रस्तोगी और डॉ. राम रावत राउंड पर मौजूद थे।
दोनों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया और मरीज को आईसीयू में शिफ्ट कराया।बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले डॉ. अरविंद का एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उनके सीने पर जोरदार चोट लगी थी। उसी के बाद से उन्हें लगातार दर्द महसूस हो रहा था। इसी वजह से वे विस्तृत जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे। फिलहाल डॉ. अरविंद भदौरिया को होश आ गया है, लेकिन उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक अगले 48 घंटे उनके लिए बेहद क्रिटिकल हैं और लगातार निगरानी में रखा गया है।
