
सीहोर. स्थानीय रेलवे स्टेशन के समीप निजी गेस्ट हाउस में घुसकर स्नान कर रही महिलाओं के वीडियो बना रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. बताया जाता है कि कुबेरेश्वर धाम पर जारी शिव महापुराण कथा में शामिल होने देश भर से श्रद्धालुओं के आने का तांता लगा हुआ है. ऐसे में टे्रन से उतरने वाले यात्रियों के ठहरने के लिए स्टेशन के समीप अनेक गेस्ट हाउस बने हैं. बताया जाता है कि शनिवार की सुबह एक गेस्ट हाउस के आंगन में महिलाएं स्नान कर रही थीं तभी मोबाइल लेकर एक युवक वहां चुपके से घुस गया, लेकिन लोगों की नजर पड़ी और उन्होंने उसे पकड़ लिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. थाना प्रभारी रविन्द्र यादव ने बताया कि आरोपी साल्वेंट कालोनी निवासी फराज उद्दीन वल्द रियाजउद्दीन के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है.
