महोबा 28 फ़रवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के श्रीनगर क्षेत्र में शुक्रवार को एक कार और ट्रक की आमने सामने हुयी भिड़ंत में कार सवार एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गयी।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि कानपुर -सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में बरा नाला में यह हादसा उस समय हुआ जब कार सवार लोग प्रयागराज यात्रा से वापस लौट अपने घर भोपाल जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शीयों के मुताबिक संकरी सडक में तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रक में घुस गयी। करीब 50 मीटर तक उक्त ट्रक कार को घसीटता हुआ ले गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जेसीबी द्वारा ट्रक में फंसी कार को एक घंटे की कड़ी मशक्क़त के बाद बाहर निकलवाया। घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों से बरामद हुये आधार कार्ड से उनकी शिनाख्त की गयी है। इनमे नरेश नागर पुत्र सिद्धनाथ निवासी भोपाल, कार का चालक अवधेश नागर और 23 वर्षीय महिला पूजा नागर शामिल है। एक अन्य मृतक की शिनाख्त नहीं की जा सकी। हादसे के कारण वाहनो की आवाजाही ठप होने से हाइवे पर कोई चार किलो मीटर तक जाम लगा रहा।
