जनता की हर समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध : सूद

नयी दिल्ली 20 मार्च (वार्ता) दिल्ली के शिक्षा और शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि हम जनता की हर समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का संकल्प पूरा हो सके।

श्री सूद ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र जनकपुरी के ए,,बी, सी और डी ब्लॉक तथा उत्तम नगर के शू मार्केट से लेकर मदर डेयरी क्षेत्र का निरीक्षण स्थानीय लोगों के सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के लिए निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की सरकार एक्शन मोड में काम कर रही है। उन्होंने पार्क में कूड़े के ढेर और गंदगी, बिजली के जर्जर तार के साथ लोगों की परेशानी देखकर मौके पर मौजूद हॉर्टिकल्चर विभाग, बीएसईएस, दिल्ली जल बोर्ड, एमसीडी समेत संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों के साथ इलाके की डीसी को सभी समस्याओं को तत्काल दूर करने का अल्टीमेटम दे दिया।

उन्होंने पार्क में बैठकर नशा करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद इलाके के एसएचओ को सख्त निर्देश दिए।

श्री सूद ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से चुनाव जीतकर हमने सरकार बनाई है। कैबिनेट मंत्री होने के साथ-साथ जनकपुरी का विधायक होने के नाते भी मेरी यह जिम्मेदारी है कि मैं अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की हर समस्याओं को सुनकर तुरंत उसका निदान करूं। लोकतंत्र का वास्तविक अर्थ है, जनता की आवाज सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान कर प्रगति की राह पर आगे बढ़ना। भले ही निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार है, फिर भी हम जनता की हर समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का संकल्प पूरा हो सके।

उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली कटौती और पीने के पानी की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के साथ ही बारिश के मौसम में होने वाले जल जमाव और सीवर की समस्या का समाधान करने के लिए सभी अधिकारियों को अभी से एक साथ मिलकर काम करने का निर्देश भी दिया। कूड़े की सफाई, सड़कों से अतिक्रमण हटाने को प्राथमिकता के आधार पर कराने के साथ ही कूड़े-कचरे को सड़क किनारे डालकर छोड़ने की जगह उपयुक्त स्थान पर निस्तारण करने का भी सख्त निर्देश दिया।

Next Post

नफरत की होगी हार और जीतेगी मुहब्बत : इमरान प्रतापगढ़ी

Thu Mar 20 , 2025
नयी दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) कांग्रेस के अल्पसंख्यक इकाई के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने देश के मौजूदा हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नफरत की उम्र बहुत छोटी होती है और इसकी हार सुनिश्चित है। श्री प्रतापगढ़ी ने अपने आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी में […]

You May Like