हैमस्ट्रिंग समस्या के कारण पथिराना ने छोड़ा मैदान

कोलकाता, 17 मई (वार्ता) तेज गेंदबाज मतीशा पथिराना का आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए डेब्यू सिर्फ़ आठ गेंदों तक ही सीमित रहा। दूसरी पारी में गुजरात टाइटंस (जीटी) के ख़िलाफ़ कोलकाता में गेंदबाज़ी करते हुए हैमस्ट्रिंग में परेशानी महसूस होने के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
श्रीलंका के इस स्लिंगर को केकेआर ने अपनी गेंदबाज़ी पारी के दौरान इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा था और उन्हें चौथे ओवर में गेंदबाज़ी सौंपी गई। अपने पहले ओवर में उन्होंने सात रन दिए। लेकिन दूसरे ओवर में पहली गेंद डालने के बाद पथिराना ने अपनी हैमस्ट्रिंग के आसपास परेशानी की ओर इशारा किया और ज़मीन पर बैठ गए। टीम फ़िज़ियो ने उनका उपचार किया और उन्होंने एक और गेंद डालने की कोशिश की, लेकिन वह पूरी रफ़्तार से गेंदबाज़ी नहीं कर पा रहे थे। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे से बातचीत के बाद पथिराना मैदान से बाहर चले गए। वह अपने दूसरे ओवर में सिर्फ़ दो गेंदें ही डाल सके।

आईपीएल 2026 में पथिराना की भागीदारी केकेआर के लिए काफ़ी बहुप्रतीक्षित थी। फ़्रेंचाइज़ी ने उन्हें 18 करोड़ रूपये में ख़रीदा था, लेकिन फ़िटनेस समस्याओं के कारण उनका आग़ाज़ देर से हुआ। 2026 टी20 विश्व कप में भी पथिराना ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ श्रीलंका के मैच के दौरान अपना स्पेल अधूरा छोड़कर बाहर चले गए थे और बाद में पूरा टूर्नामेंट मिस कर दिया था। इसके बाद आईपीएल में उनकी भागीदारी को लेकर श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने पथिराना से उनकी पिंडली की चोट पर फ़िटनेस टेस्ट पास करने की शर्त रखी थी, जिसके बाद ही उन्हें नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफ़िकेट (एनओसी) मिला। यह सर्टिफ़िकेट केकेआर के अभियान के चार मैच बीतने के बाद जारी किया गया था, उस दौरान फ़्रेंचाइज़ी अपने सभी मैच हार चुकी थी। इसके बावजूद पथिराना केकेआर के लिए पूरे समय बेंच पर बैठे रहे और शनिवार शाम जीटी के ख़िलाफ़ टीम के 12वें मैच में उन्हें मौक़ा मिला, लेकिन उनका मैदान पर समय 30 मिनट से भी कम रहा।

Next Post

चार कैच टपकाकर हम यह मैच जीतने के लायक नहीं थे: शुभमन गिल

Sun May 17 , 2026
कोलकाता, 17 मई (वार्ता) शुभमन गिल ने गुजरात टाइटन्स (जीटी) के फील्डर्स पर निशाना साधते हुए कहा कि “हम जीतने के लायक नहीं थे” जब जीटी ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ चार मौके गंवाए, जिनमें से तीन आसान थे। गिल ने जीटी के केकेआर से 29 रन से […]

You May Like