ओएनजीसी ने मुंबई हाई से उत्पादन बढ़ाने के लिए बीपी के साथ किया तकनीकी सहयोग का अनुबंध

मुंबई, 10 फरवरी (वार्ता) ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ओएनजीसी) ने अपतटीय तेल क्षेत्र मुंबई हाई क्षेत्र से उत्पादन बढ़ाने की अपनी योजना के क्रियान्वयन के लिए वैश्विक पेट्रोलियम कंपनी बीपी के साथ तकनीकी सहयोग का एक अनुबंध किया है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार बीपी इस परियोजना में तकनीकी सेवा प्रदाता (टीएसपी) के रूप में काम करेगी।

बीपी भारत के सबसे बड़े और सबसे अधिक उत्पादक तेल-गैस क्षेत्रों में है और उस पर ओएनजीसी क्षेत्र का स्वामित्व और परिचालन नियंत्रण बना रहेगा।

अनुबंध की शर्तों के तहत, बीपी को इस परियोजना पर लगाए गए उसके कर्मियों को दो साल की अवधि के लिए एक निर्धारित शुल्क मिलेगा और उसके बाद उसे बढ़े हुए तेल और गैस उत्पादन से जुड़ा एक सेवा शुल्क मिलेगा। बीपी इस तेल-गैस क्षेत्र उत्पादन में वर्तमान गिरावट को स्थिर करने और पुन: उत्पादन वृद्धि की राह पर लाने के लिए ओएनजीसी के साथ मिलकर काम करेगी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि बीपी अगले महीने तक काम शुरू करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम खड़ी करेगी। इसके लिए दोनों कंपनियों ने परियोजना निष्पादन को सुचार रूप से चलाने के लिए एक वरिष्ठ प्रबंधन टीम और एक संयुक्त प्रबंधन टीम की स्थापना की है।

ओएनजीसी के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अरुण कुमार सिंह ने कहा, “ओएनजीसी का लक्ष्य अत्याधुनिक तकनीकों और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं का लाभ उठाकर मुंबई हाई क्षेत्र की बढ़ी हुई क्षमता का एहसास करना है ताकि भारत के ऊर्जा परिदृश्य में इसका भविष्य का योगदान सुनिश्चित हो सके।”

बीपी इंडिया के चेयरमैन और स्थानीय प्रमुख कार्तिकेय दुबे ने कहा, “ओएनजीसी द्वारा भागीदार के रूप में चुने जाना हमारे लिए बड़े गर्व और सौभाग्य की बात है। हम मुंबई हाई क्षेत्र में अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता को लाने के लिए तत्पर हैं।”

 

Next Post

सोना, चांदी में तेजी

Mon Feb 10 , 2025
इंदौर, 10 फरवरी (वार्ता) स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना तथा चांदी ऊंची होकर बिकी। चांदी सिक्का स्थिर रहा। विदेशी बाजार में सोना 2902 डालर व चांदी 3221 सेन्ट रुपये प्रति औंस बिकी। उल्लेखनीय है कि सोना- चांदी के भाव में देर रात तक फेरबदल होता रहता है। सोना 87100 रुपये […]

You May Like