
जबलपुर। मौसम के बदले मिजाज से एक बार फिर हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। दिन में जहां गर्मी महसूस होने लगी हैं तो वहीं रात में गुलाबी ठंड असर बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 65 और शाम को 37 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तरी हवाएं चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग के अनुसार, एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। दो मार्च से एक नया पश्चिम विक्षोभ पश्चिमोत्तर भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
