भिंड, 21 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मेहगांव क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आकाश के छोटे भाई विकास की शादी थी, कल मंडप था। मंडप के बाद देर रात आकाश राठौर (25), मंगल राठौर (26), उमेश राठौर, धीरज राठौर (20) और सुनील कार से कही जाने के लिए निकले थे। तभी मेहगांव क्षेत्र के बरहद के नजदीक उनकी तेज रफ्तार कार की सड़क किनारे खड़े डंपर से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दूल्हे के भाई आकाश सहित मंगल और उमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धीरज और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए।
मेहगांव के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) संजय कोच्छा ने आज बताया कि यह दुर्घटना देर रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का पंचनामा तैयार किया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

