भोपाल : भोपाल के न्यू मार्केट में दुर्गा उत्सव समिति ने इस बार गुजरात के प्रसिद्ध श्री नागेश्वर ज्योतिर्लिंग की प्रतिकृति तैयार की है। पंडाल में श्रद्धालुओं को सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के स्वरूप के दर्शन के साथ समुद्र मंथन का पौराणिक प्रसंग भी देखने को मिल रहा है। करीब 50 लाख रुपये के बजट से तैयार इस पंडाल में हलाहल विष निकलने, भगवान शिव के नीलकंठ बनने, अमृत प्राप्ति और मां लक्ष्मी के प्रकट होने की गाथा को दर्शाया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए समिति ने 30 CCTV कैमरे, 30 अग्निशमन यंत्र, व्हीलचेयर और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की है। अष्टमी-नवमी पर हवन, भंडारे और जागरण का आयोजन होगा। साथ ही सेवा बस्तियों के जरूरतमंद और प्रतिभावान बच्चों को आरती में मुख्य अतिथि बनाने, पौधे और शिक्षण सामग्री वितरित करने जैसी पहल भी की जा रही है। न्यू मार्केट के इस पंडाल में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
