
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में मंगलवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 181वीं त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी निदेशक एवं समिति अध्यक्ष प्रदीप कुमार उपाध्याय ने की। बैठक में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी.यू. सिंह, सभी महाप्रबंधक/डीआरओ तथा अतिरिक्त महाप्रबंधक (मानव संसाधन) आरिफ अहमद सिद्दीकी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री उपाध्याय ने कहा कि राजभाषा के कार्यान्वयन को गति देना सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि भाषा किसी भी राष्ट्र या संस्थान की प्रगति का सशक्त माध्यम होती है और इसे उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने इकाई की पत्रिका में तकनीकी कार्यों एवं विभागीय उपलब्धियों का दस्तावेजीकरण करने तथा भविष्य के संदर्भ हेतु एक समेकित डाटाबेस तैयार करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर उपाध्याय ने बीएचईएल भोपाल की प्रतिष्ठित गृह पत्रिका ‘मानस–मंजरी’ (खंड 36, अंक 1, वर्ष 2025–26) ई-मैगजीन का विमोचन किया। इससे पूर्व प्रबंधक मानव संसाधन-राजभाषा पूनम साहू ने राजभाषा कार्यान्वयन से संबंधित त्रैमासिक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
