बेंगलुरु 26 फरवरी (वार्ता) ग्रेस हेरी (45) और दिनेश वृंदा (33) के बीच 79 रन की बेशकीमती साझीदारी की मदद से यूपी वारियर्स ने बुधवार को वुमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के एक मुकाबले में मुबंई इंडियंस के खिलाफ नौ विकेट पर 142 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वारियर्स को पहला झटका किरण नवगिरे (1) के तौर पर पहला झटका पहले ही ओवर में लग गया था मगर हेरी और वृंदा ने बेखौफ बल्लेबाजी का मुजाहिरा करते हुये मुबंई की गेंदबाजी का सामना किया और नौ ओवरों में स्कोरबोर्ड पर 81 रन तान दिये। इस बीच हेरी ने अपना विकेट एमेलिया कर काे दिया जबकि अगले ही ओवर में उनकी पार्टनर वृंदा को संस्कृति गुप्ता ने अपना शिकार बनाया। तालिया मैक्ग्रा भी इसी ओवर में संस्कृति का दूसरा शिकार बनी।
लगातार तीन विकेट झटकने के बाद मुबंई ने अपनी स्ट्राइक बॉलर नैटली सिवर-ब्रंट के साथ हेली मैथ्यूज को मोर्चे पर लगाया। मैथ्यूज ने कप्तान दीप्ति शर्मा (4) का कीमती विकेट झटका।श्वेता सहरावत (13) और शिनेल हेनरी (7) सिवर का शिकार बनी। नियमित अंतराल में विकेट गिरने से यूपी स्लाग ओवरों में अपनी रन गति को तेज करने में विफल रही। उमा छेत्री 13 रन बना कर नाबाद लौटी।
मुबंई के लिये नैटली सिवर-ब्रंट तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज बनी वहीं शबनिम इस्माइल और संस्कृति गुप्ता ने दो दो विकेट चटकाये। हेली मैथ्यूज और एमेलिया कर को एक एक विकेट मिला।
