नयी दिल्ली, 22 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को लखनऊ की कत्थक नृत्यांगना डॉ कुमकुम धर और साहित्य में ओडिशा के भवानी पटना के संस्कृत साहित्यकर डॉ हरेकृष्ण मेहेर को उनकी कला साधना तथा अपने कार्यक्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए ‘भरतमुनि सम्मान – 2024’ से सम्मानित किया गया।
कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की ओर से राजधानी में आयोजित ‘भरत मुनि सम्मान 2024’ कार्यक्रम के दौरान सम्मान के रूप में एक स्मृति चिह्न, सम्मान पत्र एवं रुपए 1,51,000 की राशि भेंट की गई। यह ‘भरतमुनि सम्मान’ भारत में पंचम वेद के नाम से विख्यात नाट्य शास्त्र के रचयिता महर्षि भरत मुनि को समर्पित है।
इसी मौके पर संस्कार भारती की ओर से निर्मित दोनों ही कलाकारों के जीवन और उनके कार्यों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरआरएस) के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी और संस्कार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मैसूर मंजुनाथ सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
इससे पहले, ‘प्रथम सम्मान’ दृश्यकला में मुंबई के चित्रकार विजय दशरथ आचरेकर एवं लोककला में सिंधुदुर्ग के गणपत सखाराम मसगे को उनकी कला साधना और अपने कार्यक्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया था।
‘भरतमुनि सम्मान – 2024’ वार्षिक कार्यक्रम प्रतिवर्ष दो विधाओं में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को दिया जाता है।