नरेंद्र मोदी 23 और 24 फरवरी को मध्यप्रदेश की यात्रा पर

नरेंद्र मोदी 23 और 24 फरवरी को मध्यप्रदेश की यात्रा पर

भोपाल, 20 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 और 24 फरवरी को मध्यप्रदेश प्रवास के तहत छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम और राजधानी भोपाल में रहेंगे।

श्री मोदी बुंदेलखंड अंचल के बागेश्वर धाम क्षेत्र में 23 फरवरी को कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। श्री मोदी इसी दिन राजधानी भोपाल में प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ पदाधिकारियों, सांसद और विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे। इसके लिए आयोजन स्थानीय कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में रखा गया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज यहां कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में श्री मोदी की यात्रा के मद्देनजर तैयारियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से कहा कि श्री मोदी 23 फरवरी को बुंदेलखंड की धरती पर धर्म और आध्यात्मिक केंद्र “बागेश्वर धाम” में कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद वे भोपाल पहुंचकर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में राज्य के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद व विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे।

श्री शर्मा ने कहा कि श्री मोदी अगले दिन यानी 24 फरवरी को भोपाल में ही राज्य सरकार की ओर से आयोजित “ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट” का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय इस समिट में देश विदेश के उद्योग जगत की प्रसिद्ध हस्तियां और प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

श्री मोदी 23 फरवरी को रात्रि विश्राम यहां राजभवन में करेंगे। इसके लिए भी सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। वे अगले दिन 24 फरवरी को पूर्वान्ह में समिट का उद्घाटन करेंगे और वापस लौट जाएंगे।

ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के आयोजन के लिए भोपाल के प्रमुख स्थानों को खास तौर से सजाया गया है। दो दिवसीय आयोजन मुख्य रूप से यहां के इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय परिसर में होगा। कई एकड़ क्षेत्र में फैले इस परिसर में अतिविशिष्ट व्यक्तियों के साथ ही देश और विदेश के प्रमुख अतिथियों के आने के मद्देनजर विशेष तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। संबंधित सड़क मार्ग और उद्यान आदि भी विशेष तौर से संवार दिए गए हैं।

Next Post

निजी स्कूलों की मान्यता आवेदन संबंधी तिथि बढ़ायी गयी

Thu Feb 20 , 2025
भोपाल, 20 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के गैरसरकारी विद्यालयों की मान्यता नवीनीकरण और नवीन मान्यता की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 फरवरी निर्धारित की गई है। राज्य शिक्षा केन्द्र ने बुधवार को स्पष्ट किया है कि 25 फरवरी के बाद अंतिम तिथि में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं की जा सकेगी। […]

You May Like