
इंदौर. राजीव गांधी चौराहे के पास स्थित फलों की दुकानों में सोमवार देर रात अचानक आग लग गई, जिससे तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं. आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
गौरतलब है कि नगर निगम ने कुछ साल पहले इन अस्थायी दुकानों को हटाया था. उस दौरान नगर निगम के कर्मचारियों और दुकानदारों के बीच विवाद भी हुआ था, जिसमें एक दुकानदार ने निगमकर्मी पर चाकू निकाल लिया था. इसके बावजूद नहर भंडारा पुल के पास फिर से दुकानें लग गईं.
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानदारों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है.
प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ की वजह से आग लगी हो सकती है. नगर निगम अब इन दुकानों को स्थायी रूप से हटाने पर विचार कर रहा है.
