
बगीचे में मिली थी अधजली लाश
नवभारत न्यूज
सतना . जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला बैरपार में एक युवक की अधजली लाश मिलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार तो कर लिया. लेकिन युवक की हत्या के पीछे वजह क्या थी इस गुत्थी को पुलिस नहीं सुलझा पाई.
रामपुर बघेलान थाने की बेला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेला बैरपार में नया तालाब बनिया बगीचे के निकट एक युवक का अधजला शव पाया गया था. युवक के सिर चेहरा और ठुड्डी पर गंभीर चोट के निशान थे और उसके शव के ऊपर पैरा रखकर उसे जलाने का प्रयास किया गया था. पुलिस द्वारा शुरु की जांच में मृतक की पहचान प्यारेलाल केवट उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बैजनाथ थाना चोरहटा रीवा के तौर पर हुई थी. पुलिस द्वारा धारा 103, 238 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरु की गई. थाना प्रभारी के अनुसार थाने स्तर पर टीम गठित करते हुए साइबर सेल की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई. आरोपी मनोज कुमार साकेत पिता भगवानदीन उम्र 26 वर्ष और शंभू साकेत पिता गैवी उम्र 45 वर्ष दोनों निवासी बेला वार्ड क्र. 2 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. लेकिन मीडिया के सामने पुलिस इस गुत्थी को सुलझा पाने में नाकाम नजर आई कि आखिरकार इस तरह की निर्मम हत्या के पीछे कौन सी ठोस वजह रही होगी.
