
मोटरसाइकिल, कार सहित अन्य वाहन भी अव्यवस्थित खड़े रहते है, वाहनों के आवाजाही में अड़चने ही अड़चने
नवभारत न्यूज
सिंगरौली 18 फरवरी। जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर में इन दोनों वाहनों की पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह से धराशाई हो गई है। आलम यह है कि गंभीर मरीजों को लेकर आने वाले एम्बुलेंस तक को जगह नही मिलती।
ऑटो चालक ऑटो लेकर जिला चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर ही खड़े हो सवारी का इंतजार करते है। इसके अलावा मोटरसाइकिल, कार सहित अन्य वाहन भी अव्यवस्थित खड़े रहते है। जिससे जिला अस्पताल का मुख्य द्वार पूरी जगह जाम रहता है। जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर में इन दिनों जहां मौसम परिवर्तन के कारण मरीजों की भरमार है। वही अस्पताल परिसर के अंदर वाहनों के अव्यवस्थित खड़े होने से मरीज को लेकर आने वाले एम्बुलेंस चालक मुख्य द्वार तक पहुंचने में घंटों मशक्कत करनी पड़ती है। इसके अलावा प्राइवेट वाहन चालक अन्य गंभीर मरीजों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिससे मरीज व उनके परिजन परेशान होते हैं । वाहनों के बेतरतीब खड़े होने की शिकायत कई बार मरीज के परिजन अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थित पार्किंग कराए जाने की बात कही। लेकिन जिला अस्पताल प्रबंधन पार्किंग का टेंडर न होने का रोना रोते हुए अपना पल्ला झाड़ रहा है। जिससे अस्पताल प्रबंधन पर तरह तरह के सवाल खड़े हो रहे। वही जिला अस्पताल परिसर में सुबह से ही ऑटो चालक व प्राइवेट चार पहिया वाहन के अवस्थित रूप से पार्किंग होने से लोगों को सबसे ज्यादा समस्याएं हो रही हैं । इसके अलावा दो पहिया वाहन मोटरसाइकिल भी अव्यवस्थित खड़ी हो रही हंै। लिहाजा अस्पताल आने जाने वाले मरीज सहित उनके परिजनों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा। इधर जिला अस्पताल परिसर के अंदर ही सरकार की 5 रुपए में भर पेट भोजन देने वाली दीन दयाल रसोई का वाहन परिसर के अंदर ही खड़ा रहता इसके अलावा काफी दिनों से बंद पड़े कुछ एम्बुलेंस वाहन भी पार्किंग की जगह पर काफी दिनों से खड़े है। जिससे अन्य वाहन जहां तहां खड़े हो रहे हैं।
इनका कहना:-
मैं अभी बाहर हूं लेकिन पार्किंग को लेकर दो बार टेंडर कराया गया । लेकिन संविदाकार ने काम नही किया एक बार फिर से टेंडर कराया गया है। उम्मीद है कि इस बार संविदाकार पार्किंग की व्यवस्था जल्द ही ठीक हो जाएगी। डॉ. देवेन्द्र सिंह, सिविल सर्जन, जिला चिकित्सालय बैढ़न
