श्रीनगर, 18 फरवरी (वार्ता) कश्मीर घाटी में बुधवार से बारिश और हिमपात के पूर्वानुमान के बीच रात के ठंड का कहर जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को बताया कि पूरी घाटी में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।
घाटी में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गयी, श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है।
श्रीनगर में मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 और 20 फरवरी को केन्द्र शासित प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हो सकती है, जिससे तापमान में परिवर्तन हो सकता है।
इस वर्ष सर्दी में कश्मीर में ज्यादा हिमपात नहीं हुआ है और इससे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी में 70 से 75 प्रतिशत तक की कमी हुई है।
श्रीनगर में मौसम विभाग को उम्मीद है कि कल से पश्चिमी विक्षोभ के कारण अच्छी खासी बर्फ़बारी और बारिश हो सकती है।
अधिकारियों ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी होने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा जोजिला दर्रा, द्रास, सांको और पंजिला क्षेत्र में भारी हिमपात हो सकता है।
मौसम विभाग ने बुधवार दोपहर से लेकर गुरुवार शाम तक प्रदेश में बारिश शुरू होने का अनुमान जताया है।
कश्मीर और जम्मू के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने कहा कि चिनाब घाटी और दक्षिण कश्मीर के ऊंची चोटियों में छह से 10 इंच तक हिमपात हो सकता है, जबकि उत्तर और मध्य कश्मीर की चोटियों में चार से आठ इंच तक हिमपात होने का अनुमान जताया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में दिन के तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है और जम्मू में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम कार्यालय ने कहा कि कश्मीर संभाग में दिन का तापमान भी तीन से पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ गया, श्रीनगर में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में 13.9 डिग्री सेल्सियस अन्य स्टेशनों की तुलना में सबसे अधिक था।
मौसम कार्यालय ने कहा कि पर्यटक रिसॉर्ट पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.4 डिग्री, गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में शून्य से नीचे 6.0 डिग्री और काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
