यादव पहुंचे करह धाम आश्रम, दर्शन कर की पूजा अर्चना

मुरैना, 18 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने श्री करह धाम आश्रम मुरैना पहुंचकर अनन्त श्री गुरुदेव पटिया वाले बाबा महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चन की तथा प्रदेश की उत्तरोत्तर तरक्की एवं प्रदेश वासियों की सुख समृद्धि की कामना की।
डॉ यादव ने करह धाम आश्रम पर गौशाला में गौमाता का पूजन किया। मुख्यमंत्री ने करह धाम आश्रम में चल रहे श्री सियपिय मिलन समारोह में शामिल होकर संत शिरोमणि श्री हरिगिरी महाराज जी एवं श्री दीनबंधु दास महाराज को सम्मान पत्र और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। डॉ यादव ने कहा कि जो लोग गौपालन करेंगे, उन गौवंशों का दूध शासन द्वारा खरीदा जाएगा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, मुरैना-श्योपुर के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, सबलगढ़ विधायक सरला रावत, पूर्व विधायक रघुराज सिंह कंषाना, सीईओ जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता के बिना घर सूना होता है, हर घर में गौ पालन को बढावा देना चाहिए। जो भी व्यक्ति 10 से ज्यादा जो गौपालन करेगा, उसे सरकार द्वारा अनुदान दिया जाएगा और गौवंशों से प्राप्त दुग्ध को सरकार खरीद कर गौपालकों को अतिरिक्त अनुदान देगी। इस साल गेंहू उपज को 2600 रूपये क्विंटल खरीदने की घोषणा की जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि वे महादेव की नगरी उज्जैन से आते हैं, उस जैसा आनंद यहाँ करह धाम आश्रम पर आकर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि एक गौमाता में 33 करोड़ देवी देवताओं का वास होता है और इस करह धाम आश्रम की गौशाला में तो साढ़े सात हजार से अधिक गौमाता हैं, मानो समूचा ब्रह्माण्ड यहां उपस्थित है।
डॉ यादव ने कहा कि परमात्मा को जिस रूप में देखो उस रूप में दिखाई देता है और परमात्मा की लीला है, वो हमारी परीक्षा भी लेता है। पटिया वाले बाबा ने अपने तप से, साधना से, अपनी वैराग्यवृत्ति से जो आनंद बरसाया है, भक्तजनों की इतनी भीड़ इसका परिणाम है। प्रदेश सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिये हर एक खेत पर 48 लाख हेक्टेयर खेत में सिंचाई हो रही है। इस महीने के आखिरी तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री आ रहे हैं। उमसे चर्चा करके ताप्ती नदी को जोडकर वहां के किसानों को पानी उपलब्ध करवा कर उनकी जिंदगी भी बदलने वाली हैं। ये सभी योजना मंजूर हो जाते ही सिंचाई की कोई भी समस्या बाकी नहीं रहेगी। केवल खेती से बात नहीं बनेगी, उसके साथ पशुपालन होना अति आवश्यक है।

Next Post

युवक से मारपीट का वीडियो वायरल, दो आरोपी गिरफ्तार

Tue Feb 18 , 2025
शिवपुरी, 18 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के सीहोर कस्बे में एक युवक की बेल्टों से पिटायी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीहोर थाना पुलिस ने आज दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम रामसेवक […]

You May Like