चेन्नई, (वार्ता) अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी ने कहा है कि अन्नाद्रमुक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का गठबंधन तमिलनाडु को द्रमुक के बुरे शासन से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री पलानीस्वामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा और अन्नाद्रमुक के गठबंधन की घोषणा पर अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया में इसे 2026 के विधानसभा चुनावों के वास्ते महत्वपूर्ण बताया। साथ ही इस निर्णायक क्षण में उनका (श्री पलानीस्वामी) समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि यह गठबंधन तमिलनाडु को द्रमुक के बुरे शासन से मुक्त करने के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता पर खड़ा होगा और इस निर्णायक क्षण में उनके समर्थन के लिए श्री मोदी को धन्यवाद दिया।
उन्होंने पुनर्मिलन का जश्न मनाने के लिए अपने आवास पर श्री शाह के लिए रात्रिभोज की मेजबानी करने के बाद एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह गठबंधन राज्य की प्रगति में बाधा डालने वाली ऐतिहासिक गलतियों को भी सुधारेगा और समावेशी विकास और अवसर के एक नए युग की नींव रखेगा। श्री मोदी ने भी अन्नाद्रमुक की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) परिवार में वापसी की सराहना की और कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि भ्रष्ट और विभाजनकारी सत्तारूढ़ द्रमुक को उखाड़ फेंका जाए, जो यह गठबंधन करेगा और अन्नाद्रमुक के संस्थापक एमजीआर और करिश्माई जे जयललिता के दृष्टिकोण को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि राजग के अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर तमिलनाडु को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा और एमजीआर और सुश्री जयललिता के विजन को पूरा करते हुए राज्य की सेवा की जाएगी।
