
शिवपुरी। जिले के पिछोर अनुविभाग के भौंती थाना सीमा में आने वाले मनपुरा गांव में 300 लोगों की आबादी क्षेत्र में डायनामाइट ब्लास्ट के कारण दहशत फैल गई। मामले की सूचना गांव के सरपंच ने भौंती थाना प्रभारी को दी लेकिन रात भर पुलिस नहीं आई इस कारण गांव में रात भर दहशत का माहौल निर्मित रहा। अब पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कर रही है लेकिन पुलिस के इस रवैए के कारण गांव के लोगों ने अपनी रात आंखो में काटी है।
जानकारी के मुताबिक मनपुरा गांव में मुख्य रोड स्थित बस स्टैंड पर कप्तान सिंह राजपूत का मकान है। कप्तान सिंह ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे पूरा परिवार खाना खाकर सोने जा रहा था। तभी अचानक धमाका हुआ और हम डर गए। घर में जिस जगह ब्लास्ट हुआ, वहां से 8 फीट दूरी पर छोटा भाई मुकेश राजपूत टॉयलेट कर रहा था। बाद में पता चला कि किसी ने डायनामाइट फेंका है जिससे जमीन में गड्ढा हो गया।
घर के बर्तन गिर गए और अनाज की बोरियां फट गए, घर का प्लास्टर तक झड गया। पूरा परिवार दहशत में आ गया। जिस जगह धमाका हुआ, आसपास 300 से ज्यादा की आबादी निवास करती है। बस्ती के लोग भी दहशत में आ गए। लोगों ने बातचीत की तो पता चला कि कप्तान सिंह के घर ब्लास्ट हुआ है, लेकिन डायनामाइट फेंकने वाले का पता नहीं चल सका है। कप्तान सिंह ने बताया कि गांव के सरपंच भी मौके पर आ गए थे।
