
इंदौर. फैमिली कोर्ट में तलाक का केस लड़ रही एक महिला वकील को उसका पूर्व वकील अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करता रहा. जब पीड़िता ने विरोध किया, तो वह उसका पीछा करने और घर तक आने लगा. परेशान होकर महिला वकील ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया.
एरोड्रम थाने से मिली जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय पीड़िता निवासी रामायण नगर, एरोड्रम रोड, ने बताया कि उसने अपने पति राकेश जोशी से तलाक लेने के लिए फैमिली कोर्ट में केस दायर किया था और इसके लिए वकील देवेन्द्र पेनसे, निवासी जय भवानी नगर को नियुक्त किया था. केस के सिलसिले में दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी. महिला वकील का आरोप है कि कुछ महीनों बाद देवेन्द्र पेनसे ने उसे गलत मैसेज भेजने शुरू कर दिए और बार-बार अपने प्रेम प्रस्ताव देने लगा. जब उसने इन हरकतों का विरोध किया और दूसरा वकील कर तलाक की प्रक्रिया पूरी कर ली, तब भी आरोपी उसे परेशान करता रहा. हद तो तब हो गई जब वह पीड़िता के घर तक पहुंच गया और पीछा करने लगा. परेशान होकर पीड़िता ने थाना एरोड्रम में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 78 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
