यादव ने किया पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का उद्घाटन

भोपाल, 17 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज 24 वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

डॉ यादव ने राजधानी भोपाल के बड़े तालाब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर में इस प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के कार्य के साथ-साथ खेलों में भी अपनी छाप छोड़ रही है। पुलिस बल के अनेक सदस्यों ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को साबित करते हुए देश का नाम रोशन किया है।

उन्होंने कहा कि राजा भोज द्वारा निर्मित भोपाल के ऐतिहासिक बड़े तालाब में अखिल भारतीय प्रतियोगिता का आयोजन , प्रदेश सहित राजधानी भोपाल के लिए गौरव का विषय है। इस आयोजन से वॉटर स्पोर्ट्स के प्रति लोगों का रुझान बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने भोपाल आई विभिन्न राज्यों और पुलिस इकाइयों के टीम मैनेजरों से परिचय प्राप्त किया।

डॉ यादव ने प्रतियोगिता के अवसर पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में सहभागी टीमों को शपथ दिलाई गई। मुख्यमंत्री डॉ यादव को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना द्वारा अखिल भारतीय आयोजन का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम में पुलिस बैंड द्वारा लगातार देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत की गईं।

आज से शुरु होकर 21 फरवरी तक चलने वाली अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में अंडमान निकोबार, असम, बिहार, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम राइफल्स, सीमा सुरक्षा बल, सीआरपीएफ, आइटीबीपी और सशस्त्र सीमा बल की टीमें भाग ले रही हैं।

 

Next Post

टोल प्लाजा पर हमला, दो कर्मचारी घायल

Mon Feb 17 , 2025
भिण्ड, 17 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों के हमले से दो कर्मचारी घायल हो गये है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ऊमरी टोल प्लाजा पर कल रात नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। बाइक से आए बदमाशों ने टोल प्लाजा पर बैठे कर्मचारियों पर […]

You May Like