
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, जांच में जुटी पुलिस
इंदौर. शहर में अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन कुछ युवाओं में अपराधी प्रवृत्ति का दिखावा करने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है. शनिवार रात विजयनगर इलाके में एक 18 वर्षीय युवती ने चाकू से केक काटा और इलाके के बदमाशों के साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी. अब पुलिस युवती को तलाश रही है.
जानकारी के मुताबिक, बजरंग नगर में रहने वाली एक युवती ने अपने जन्मदिन पर चाकू से केक काटने का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. खास बात यह है कि उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट का नाम लेडी डॉन रखा हुआ है. इस वीडियो में इलाके के कुछ बदमाश भी उसके साथ नजर आ रहे हैं, जिन्होंने हथियारों के साथ फोटो खिंचवाई. ज्ञात रहे कि प्रति शनिवार को शहर भर में पुलिस गश्त करती हैं, बावजूद इसके अपराधी प्रवृत्ति के लोग खुलेआम इस तरह जन्म दिन की पार्टी मना कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया. यह पुलिस को समय रहते नजर क्यों नहीं आई. बताया जा रहा है कि केक काटने के दौरान दो बदमाश चाकू लेकर मौके पर पहुंचे थे. हालांकि इस मामले की जानकारी अभी तक स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों तक नहीं पहुंची हो यह कैसे संभव हो सकता है.
क्राइम ब्रांच पहले भी कर चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही क्राइम ब्रांच ने इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ फोटो और रील डालने वाले युवकों पर कार्रवाई की थी. पुलिस ने उनकी प्रोफाइल से ऐसे वीडियो और तस्वीरें हटवाने के साथ-साथ उन्हें थाने लाकर आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया था. बावजूद इसके अब नए मामले सामने आ रहे हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि अपराधी प्रवृत्ति के युवाओं पर पुलिस की सख्ती का कोई असर नहीं हो रहा है. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सच्चाई खंगाल रही है. थाना प्रभारी का कहना हैं कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा.
