
इंदौर. रिस्तों में खटास और घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही रिश्तेदार के साथ मारपीट कर दी. इस दौरान विवाद सुलझाने पहुंचे युवक को न केवल गालियां दी गईं, बल्कि उसके साथ हाथापाई भी की गई. यही नहीं, बीच-बचाव करने आई उसकी मां और बहन पर भी हमला कर दिया.
चंदन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह 9 बजे चंदननगर थाना क्षेत्र के ई सेक्टर, गोंदी वाले कुए के पास की है. यहां पर 35 वर्षीय दिनेश सोहरे निवासी सार्थक गैलेक्सी, राऊ अपनी 55 वर्षीय मां रामा बाई के साथ अपनी बहन छाया कोठे के घर गया था, ताकि वह छाया के पति गोपाल कोठे से आपसी विवाद को लेकर समझाइश कर सके. लेकिन इस दौरान गोपाल भड़क गया और उसने गाली-गलौज शुरू कर दी. जब दिनेश ने इसका विरोध किया तो गोपाल ने लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी. बीच-बचाव करने आई रामा बाई और छाया को भी थप्पड़ मारकर घायल कर दिया. पीड़ितों की शिकायत पर चंदननगर पुलिस ने धारा 115(2), 296, 351(3) बीएनएस के तहत आरोपी गोपाल कोठे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है.
