महाकुंभ में अमेजॉन की नई सुविधा, ऑर्डर पिकअप और रिटर्न के लिए कियोस्क

नयी दिल्ली (वार्ता) ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन इंडिया ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक विशेष ‘सुविधा कियोस्क’ स्थापित किया है।

कंपनी ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि इस पहल का उद्देश्य मेले में आए लोगों को आवश्यक वस्तुएं ऑर्डर करने, पिकअप करने और रिटर्न करने की सुविधा देना है। इस कियोस्क के माध्यम से मोबाइल चार्जर, कपड़े, जूते, पूजा सामग्री, कंबल जैसी आवश्यक चीज़ें ऑर्डर की जा सकती हैं। ग्राहक अपना ऑर्डर कियोस्क से सीधे प्राप्त कर सकते हैं या तीन किलोमीटर के दायरे में किसी स्थानीय पते पर डिलीवर करा सकते हैं।

प्रयागराज के अरैल के सेक्टर 24 में स्थित कुंभ कुटीर में स्थापित यह कियोस्क ऑर्डर रिटर्न की सुविधा भी प्रदान करेगा। मेले में आए लोग अपने अमेजॉन ऐप से रिटर्न शुरू कर सकते हैं और उत्पाद को सीधे कियोस्क पर जमा कर सकते हैं। इस सुविधा कियोस्क में बैठने की जगह, पीने का पानी, मोबाइल चार्जिंग स्टेशन और प्राथमिक चिकित्सा किट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यह कियोस्क 26 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक संचालित रहेगा।

अमेजॉन लॉजिस्टिक्स इंडिया के उपाध्यक्ष डॉ. करुणा शंकर पांडे ने कहा, “महाकुंभ मेले में लाखों लोग अपने घर से दूर पूरे दिन बिताते हैं। हमारा ‘सुविधा कियोस्क’ उन्हें मेला परिसर के भीतर ही अपने ऑर्डर लेने और वापस करने की सहूलियत प्रदान करता है। यह नवाचार और ग्राहक-केंद्रित समाधानों के प्रति अमेजॉन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

 

Next Post

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू

Tue Feb 11 , 2025
रायपुर, छत्तीसगढ़ में आज नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है, जिसमें मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस बार नगरीय निकाय चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से संपन्न हो रहे हैं। पूरे प्रदेश में […]

You May Like