नरेंद्र मोदी विद्यार्थियों से सोमवार को करेंगे ‘परीक्षा पे चर्चा’

भोपाल, 09 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सोमवार को देश के विद्यार्थियों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री मोदी प्रति वर्ष परीक्षाओं के समय विद्यार्थियों के तनाव काे दूर करने के संबंध में चर्चा करते हैं। इस वर्ष यह कार्यक्रम सोमवार 10 फरवरी को नई दिल्‍ली में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष प्रदेश से 18 लाख 27 हजार विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने अपना पंजीयन कर सहभागिता की है।

सूत्रों ने कहा कि कार्यक्रम का संचार माध्‍यमों पर सीधा प्रसारण किया जायेगा। कार्यक्रम में विद्यार्थी और शिक्षक तथा अभिभावक संबंधित लिंक के माध्यम से सहभागिता कर सकेंगे। स्‍कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, स्‍कूल शिक्षा सचिव डॉ. संजय गोयल और स्कूल शिक्षा विभाग में अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारी राजधानी भोपाल के सुभाष उत्‍कृष्‍ट विद्यालय से विद्यार्थियों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

लोक शिक्षण आयुक्त श्रीमती शिल्‍पा गुप्‍ता ने बताया कि प्रदेश में भी राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद और सभी जिला शैक्षिक प्रशिक्षण संस्थानों में हाई और हायर सेकेण्डरी स्‍कूलों में विद्यार्थियों की “लाइव प्रसारण” में सहभागिता होगी। सभी जिला कलेक्‍टर और मैदानी अधिकारियों को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षकों की सामूहिक रूप से सहभागिता सुनिश्चित करने के लिये कहा गया है। इस कार्यक्रम का पहला संस्करण वर्ष 2018 में हुआ था। इस वर्ष इस कार्यक्रम का यह आठवाँ संस्करण है।

Next Post

ट्रिपल इंजन सरकार बनाना जरूरी: साय

Sun Feb 9 , 2025
रायपुर 09 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को कहा कि दुर्ग शहर के चहुंमुखी विकास के लिए नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ट्रिपल इंजन सरकार बनाना जरूरी है, क्योंकि शहर की प्रगति केवल भाजपा से ही संभव है। श्री साय आज भाजपा की […]

You May Like