समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करेगी भाजपाः सचदेवा

नयी दिल्ली 08 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने भाजपा को जनसमर्थन देने के लिए दिल्लीवासियों के प्रति आभार व्यक्ति किया है और कहा है कि उनकी पार्टी समाज के हर के कल्याण और विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए कार्य करेगी।

श्री सचदेवा ने शनिवार को कहा कि दिल्ली की जनता ने आज आम आदमी पार्टी (आप) और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार, आराजकता और अकर्मण्यता से भरे शासन को पूरी तरह नाकार दिया है और भाजपा पर विश्वास प्रकट करते हुए बड़ा बहमुत भाजपा को दिया है।

उन्होंने कहा कि कहा, “लगभग 27 वर्ष के लम्बे अंतराल के बाद दिल्ली की जनता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को अभूतपूर्व जन समर्थन के साथ चुन कर विकसित दिल्ली के निर्माण का अवसर दिया है, जिसके लिए हम दिल्ली में समाज के हर वर्ग के लोगों का आभार प्रकट करते हैं।”

उन्होंने कहा, “यह चुनाव विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जनता के विश्वास की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और गृह मंत्री श्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व की है और हमारे कार्यकर्ताओं के परिश्रम की है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश इकाई रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, अन्य केन्द्रीय मंत्रियों, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विभिन्न राज्यों के अन्य मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं द्वारा किये सघन प्रचार के लिए आभारी है. जिसने दिल्ली भाजपा की विजय के लिए अनुकूल राजनीतिक वातावरण बनाया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री केजरीवाल लगातार कहते थे कि वह ईमानदार हैं और दिल्ली की जनता अपने वोट से उन्हें जेल भेजने का बदला भाजपा से लेगी, लेकिन आज दिल्ली की जनता ने उन्हें चौतरफा हार दे कर यह स्पष्ट कर दिया कि वह मानती है कि श्री केजरीवाल भ्रष्ट हैं।

श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता का आज का जनमत एक निर्णायक जनमत है, जिसमें जनता ने दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार के सभी प्रमुख दोषियों सर्वश्री केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन, सौरभ भारद्वाज और दुर्गेश पाठक को हरा दिया है।

Next Post

उज्जैन सिंहस्थ 2028 के भव्य आयोजन के संकल्प के साथ आया हूं प्रयागराज: यादव

Sat Feb 8 , 2025
भोपाल, 08 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महाकुंभ सनातन संस्कृति का गौरवशाली उत्सव है। विशेष ग्रह नक्षत्रों के शुभ संयोग में होने वाले महाकुंभ में सभी की आस्था का प्रकटीकरण होता है। साथ ही साधु-संतों के सान्निध्य में आत्मिक और आध्यात्मिक उन्नति का […]

You May Like

Play sound