
मामला बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमरपुर का
नवभारत न्यूज
बहरी 6 जनवरी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। बहरी थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुर में यह घटना हुई। शिव बहादुर केवट को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि शिव बहादुर केवट जब अपने घर से सामान लेने जा रहा था, तभी रास्ते में सचिन केवट और बड़कवा केवट ने रास्ता रोक कर 3000 रुपए के पुराने लेनदेन को लेकर विवाद किया और लोहे की रॉड से शिव बहादुर पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। आरोपी मरणासन्न अवस्था में शिव बहादुर को सड़क किनारे छोड़ कर भाग निकले, राहगीरों की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायल ने बताया कि तीन साल पहले उसने सचिन केवट से 3000 रुपए उधार लिए थे, जिसे वे धीरे-धीरे चुका रहे थे। घटना के बाद जब उसे होश आया तो बहरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि शिव बहादुर केवट की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
