मॉस्को, 6 फरवरी (वार्ता) रूस में सरकारी स्वामित्व वाले रक्षा निगम रोस्टेक ने कहा है कि विमानों की बढ़ती मांग को पूरा करने तथा निर्यात और उत्पादन क्षमता का विस्तार करने के लिए कंपनी नवीनतम रूसी पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू जेट एसयू-57 के उत्पादन को बढ़ावा दे रही है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ”एसयू-57 एक उन्नत पांचवीं पीढ़ी का विमान है, हमें बेंगलुरु में एयर शो में इस लड़ाकू विमान के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। विमान में सुधार करने और इसे नए बाजारों में इसे बढ़ावा देने के लिए यूएसी (यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन (यूएसी) विशेषज्ञ इस लड़ाकू विमान की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन क्षमता का विस्तार करने के लिए काम कर रहे हैं।”
बयान में कहा गया है कि एसयू-57 दुनिया का एकमात्र पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान है जिसने वास्तविक युद्ध स्थितियों में पश्चिमी वायु रक्षा प्रणालियों का मुकाबला करने में अपनी प्रभावशीलता साबित की है।
वहीं रूसी राज्य हथियार निर्यातक रोसोबोरोनेक्सपोर्ट के महानिदेशक अलेक्जेंडर मिखेव ने कहा कि कंपनी, भारत को एसयू-57 ई परियोजना पर सहयोग के व्यापक विकास की पेशकश कर रही है।
श्री मिखेव ने कहा “ हमारे प्रस्तावों में असेंबल किए गए विमानों की आपूर्ति, भारत में उनके संयुक्त उत्पादन का संगठन और भारतीय पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान को विकसित करने में सहायता शामिल है।”
एसयू-57 ई लड़ाकू विमान को एयरो इंडिया 2025 शो में प्रस्तुत किया जाएगा, जो 10 से 14 फरवरी तक येलहंका वायु सेना बेस पर आयोजित किया जाएगा।
