रेत के अवैध कारोबारियों पर पुलिस नही कस पा रही शिकंजा, अवैध कारोबार पर लगाम कसने का पुलिस अधिकारियों का दावा फेल
सिंगरौली :कोतवाली क्षेत्र के शहरी इलाके से निकलने वाली रिंहद नदी से प्रतिबंध के बाद भी बलियरी से रेत का अवैध कारोबार जारी है। रेत के काले कारोबार में आम से लेकर खास तक शामिल हैं। मामला मीडिया में उजागर होने के बाद बलियरी इलाके से दिन में रेत का परिवहन बंद जरूर हो गया है। लेकिन रात 10 बजे के बाद अवैध कारोबार शुरू हो जाता है। रेत माफिया बेधड़क तरीके से पूरी रात शहर की सड़को पर खुलेआम रेत का परिवहन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि बलियरी इलाके के रिंहद नदी से रेत का खनन और परिवहन कोई नया नही है। लंबे समय से यह कारोबार चलता है और पुलिस का भी कमाई का एक बड़ा जरिया है। रात होते ही रेत से लोड ट्रैक्टर शहर की सड़कों में धमाचौकड़ी मचाते हुए निकलते हैं। इतना ही नही अवैध रेत से लोड ट्रैक्टर कोतवाली थाने के सामने से निकलते हैं। लेकिन किसी पुलिस कर्मी की मजाल नही कि वह इन ट्रैक्टरों को रोक सके। सूत्र बताते हैं कि शाम ढ़लते ही रेत की चोरी करने के लिए रेत माफिया सक्रिय हो जाता है। ट्रैक्टर के माध्यम से रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक बेखौफ तरीके से रेत का परिवहन होता है।
हैरानी इस बात की है कि पुलिस के अधिकारियों की आंखो के सामने रेत माफिया पूरी रात रेत की चोरी करता है और आज तक किसी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं कर पाई। लगातार नदी के किनारे से रेत लोड ट्रैक्टर ट्राली की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। लेकिन कोतवाली पुलिस को यह ट्रैक्टर नजर नही आते। वही कोतवाली क्षेत्र में सक्रिय रेत माफिया ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत का परिवहन रात के समय करता है। सूत्र बताते हैं कि रात के समय शहर की उन गली मोहल्लों से रेत लोड ट्रैक्टर फर्राटे मारते हुए निकलते हैं। इन टै्रक्टरो के चालको से क्या रिस्ता है।
कम दूरी और रॉयल्टी बिना मिलती है रेत
रिहंद नदी से रेत का खनन पूर्णत: प्रतिबंधित है। कई दशकों से यहां से रेत का खनन किया जा रहा है। रेत माफियाओं के लिए सबसे पसंदीदा जगह में सुमार है। इसके पीछे मुख्यत: दो वजह है। पहला शहर से महज 5 किलोमीटर की दूरी और दूसरा बिना रॉयल्टी दिए रेत मिलती है। खर्चा है तो सिर्फ पुलिस विभाग की सेटिंग की। तो वहीं दूसरी तरफ शहर से करीब 15 से 20 किलोमीटर दूसरी अवैध खदानें संचालित है। दूरी के साथ-साथ रॉयल्टी के चलते रेत महंगी हो जाती है। जबकि रिहंद नदी से रेत निकालना बाप दादाओं की प्रॉपर्टी जैसी है। इसमें बिल्कुल भी पैसे नही लगते। यही वजह है कि नदी से रेत की निकासी बड़े पैमाने पर की जा रही है। सूत्रों की माने तो रेत के काले कारोबार में आम से लेकर खास तक जुड़े हुए है और सभी का हिस्सा फिक्स है।
