
बड़वानी, 1 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय पर एक जीप और दुपहिया वाहन की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गयी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बड़वानी जिला मुख्यालय के बाहरी क्षेत्र में छोटी कसरावद रोड पर कल रात जीप और दुपहिया वाहन की टक्कर हो गयी। घटना के बाद धार जिले के बाग थाना क्षेत्र के 55 वर्षीय सोभाग सिंह जमरा की मृत्यु हो गई थी, जबकि आज एक अन्य दुपहिया वाहन सवार 30 वर्षीय राम सिंह सोलंकी की मृत्यु हो गयी। इसमें गंभीर रूप से घायल अरविंद (मृतक सोभाग के पुत्र) को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन अब उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कर उपचार करवाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि धार जिले का सोभाग सिंह अपने पुत्र अरविंद के लिए लड़की देखने बड़वानी जिले के सेंधवा क्षेत्र के जोगवाड़ा आया था और तीनों वापस धार जिले स्थित अपने ग्रह ग्राम लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि फिलहाल एसडीओ लिखी जीप किसकी थी, यह पता नहीं चल सका है।
इस मामले में बड़वानी के पुलिस अधीक्षक जगदीश डाबर ने बताया कि घटना की बहुआयामी और गंभीरता से जांच की जा रही है और आज रात्रि प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
