शिवपुरी में गाजियाबाद पुलिस का छापा, 3.50 लाख के फ्रॉड का लिंक मोबाइल दुकान से मिला

शिवपुरी: उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद पुलिस 3.50 लाख रुपए के क्रेडिट कार्ड फ्रॉड की जांच के लिए शिवपुरी पहुंची है। पुलिस टीम ने शहर के मिलन मोबाइल सेंटर पर पहुंचकर पूछताछ की और एक कर्मचारी को थाने ले जाकर बयान दर्ज किए। मामले में गाजियाबाद के एक व्यापारी के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने ऑनलाइन खरीदारी की थी, जिसका लिंक शिवपुरी से मिला है। पुलिस ने दुकान संचालक राहुल बंसल के नाम नोटिस जारी कर उन्हें जांच के लिए गाजियाबाद थाने में तलब किया है।

जांच में सामने आया कि फ्रॉड की राशि से खरीदा गया एक मोबाइल शिवपुरी निवासी सोनू बाथम के पास है। सोनू ने यह मोबाइल मिलन मोबाइल सेंटर से 39 हजार रुपए में खरीदा था। जब पुलिस सोनू के पास पहुंची, तो उसने खरीद का पक्का बिल दिखाते हुए बताया कि उसने यह मोबाइल दुकान से वैध तरीके से खरीदा है।सोनू द्वारा बिल दिखाए जाने के बाद गाजियाबाद पुलिस सीधे मिलन मोबाइल सेंटर पहुंची। दुकान के कर्मचारी रंजीत ने पुलिस को बताया कि उक्त मोबाइल उन्हें शहर के ही एक युवक सौरभ ने बेचा था।

पुलिस ने सौरभ को भी पूछताछ के लिए पकड़ा, लेकिन उसने मोबाइल बेचने की बात से साफ इनकार कर दिया। इस दौरान पुलिस एक अन्य युवक को भी कोतवाली लाई थी, लेकिन व्यापारियों की भीड़ जुटने के बाद पूछताछ कर उसे छोड़ दिया गया। गाजियाबाद के एक व्यापारी के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने लगभग 3.50 लाख रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग की थी। इस राशि से एक मोबाइल फोन और दो आईपैड खरीदे गए थे। पुलिस को आशंका है कि फ्रॉड के जरिए खरीदे गए अन्य उपकरणों की सप्लाई भी इसी नेटवर्क से हुई हो सकती है। टीम आज रविवार को शहर में कई जगहों पर पड़ताल कर रही है।

Next Post

17 मंडलों में एक साथ भाजपा नेताओं ने किया ओंकार जाप

Sun Jan 11 , 2026
जबलपुर: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर द्वारा शनिवार को कचनार सिटी विजय नगर स्थित शिव मंदिर में ओंकार जाप किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में स्वाहा-स्वाहा के साथ ही मंत्र गूंजे। भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में […]

You May Like