भिंड: प्राइवेट स्कूलों की मान्यता के नए नियमों को लेकर जिले भर के निजी स्कूल संचालकों ने विरोध तेज कर दिया है। जिले के करीब 850 निजी स्कूल बंद रहे। संचालकों ने बताया कि नए नियमों के कारण कई स्कूल बंद होने की कगार पर आ जाएंगे, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी और गरीब वर्ग के छात्र निजी स्कूलों में पढ़ाई नहीं कर पाएंगे।प्रदेश सरकार द्वारा संपदा 2.0 के तहत निजी स्कूलों के लिए रजिस्टर्ड किरायानामा, मान्यता नवीनीकरण शुल्क और बैंक एफडीआर की राशि बढ़ाने का नया नियम लागू किया गया है। इसके विरोध में भिंड सहित पूरे प्रदेश में निजी स्कूल संचालकों ने एक दिन का बंद रखा।
निजी स्कूल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अवधेश शर्मा ने बताया कि शिक्षा विभाग के इन नए नियमों के खिलाफ पहले भी ज्ञापन सौंपा गया था। लेकिन, कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि सरकार की सख्त नीतियों के चलते जिले के कई स्कूल बंद होने के कगार पर हैं। स्कूल संचालकों ने सरकार से मांग की है कि इन नियमों को शिथिल किया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
